जीतापुर बाजार (मधेपुरा), : मुरलीगंज थाना क्षेत्र के पोखराम गांव में बीते दिन हुई अभय यादव की गोली मारकर हत्या के मामले में उसके पिता रामविलास यादव के फर्द बयान पर मुरलीगंज थाना कांड संख्या-123/12 दर्ज कर लिया गया है। भादवि के तहत गांव के ही वार्ड नं.-एक के अशोक कुमार यादव, देवकृष्ण यादव, हरिनंदन यादव और अनिल यादव को नामजद किया गया है। ज्ञात हो कि पोखराम गांव में वर्ष 2004 से ही आपसी वर्चस्व की लड़ाई गांव के ही वीरेन्द्र यादव और केदार यादव के बीच महज छह इंच जमीन को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसमें अब तक 17 लोगों की जान जा चुकी है। इस वर्चस्व के खूनी जंग में अंतत: केदार यादव की भी हत्या कर दी गयी। वीरेन्द्र यादव अभी इस खूनी जंग के आरोप में मधेपुरा जेल में बंद हैं। आसपास के लोगों का मानना है कि गुरुवार की रात इसी कड़ी में अभय यादव की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस इस मामले में हत्या की अनुसंधान कर रही है। वहीं गांव के कुछ लोगों का शक की सुई बार-बार विद्यालय में सहायक शिक्षक और प्रधान शिक्षक के बीच विवाद पर जा रही है। क्योंकि इसी मध्य विद्यालय में अभय यादव के भाई सुधीर यादव सहायक शिक्षक हैं। गांव के बुजुर्ग बताते हैं कि काफी लंबे समय से इस गांव में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर दर्जनों लोगों की जान जा चुकी है। हर व्यक्ति को अपने-अपने जान की बारी-बारी से इंतजार है। यहां लोग भगवान भरोसे जीए जा रहे हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी: केवल इस ब्लॉग का सदस्य टिप्पणी भेज सकता है.